State

पुरा महादेव में अंतर्राष्ट्रीय योग एवं आरोग्य केंद्र होगा स्थापित, भूमि क्रय प्रक्रिया जल्द होगी पूरी

बागपत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। जिले को पर्यटन के क्षेत्र में ही नहींं योग एवं आरोग्यता देने में भी एक नई पहचान मिलने जा रही है, इसके लिए ऐतिहासिक पुरा महादेव गांव में एक अंतर्राष्ट्रीय योग एवं आरोग्य केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह परियोजना प्राथमिकता के आधार पर संचालित की जा रही है। उनके दिशा-निर्देशों के तहत भूमि क्रय प्रक्रिया जल्द ही पूरी होने वाली है, जिसमें 87 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। अधिग्रहण के बाद इस महत्वाकांक्षी केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा।   यह परियोजना बागपत को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुरा महादेव गांव, जो अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के लिए प्रसिद्ध है, हाल ही में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा हेरिटेज श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गांव का खिताब भी जीत चुका है। इससे न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बागपत में योग एवं आरोग्य जैसे स्वास्थ्य पर्यटन के नए आयाम खुलेंगे। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व और स्थानीय प्रशासन के निरंतर प्रयासों के चलते बागपत को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए यह प्रोजेक्ट प्राथमिकता पर है।   इसके धरातल पर आने से, न केवल बागपत में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि रोजगार और उद्यमिता को भी जबर्दस्त बढ़ावा मिलेगा। खासकर, दिल्ली की निकटता का लाभ उठाते हुए, यह केंद्र देश-विदेश से पर्यटकों को आकर्षित करेगा, जिससे जिले की आर्थिक और सामाजिक समृद्धि में बड़ा योगदान होगा। वहीं योग और आरोग्य केंद्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे, जिससे क्षेत्र की विकास दर में वृद्धि होगी। यह प्रोजेक्ट बागपत को योग, स्वास्थ्य, और सांस्कृतिक धरोहरों का संगम बनाकर एक वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनाएगा, जिससे जिले की प्रतिष्ठा में भी इजाफा होगा। बागपत के इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट से स्थानीय प्रशासन का यह संदेश स्पष्ट है कि पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता सुदृढ़ है।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

मानक ब्यूरो के समारोह में ग्राम प्रधानो ने दिए बागपत जनपद से संबंधित उपयोगी सुझाव, किए सम्मानित

बागपत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। साहिबाबाद स्थित एसके क्लाइड ग्रांट होटल में आयोजित समारोह में भारतीय मानक ब्यूरो की कार्यशैली को समझते हुए ग्राम प्रधान खेडकी आशीष शर्मा, निवाडा के प्रधान हसरत तथा अलावलपुर के प्रधान मनीष चौहान ने बागपत के विकास में उद्योगों की भूमिका तथा आवश्यकता पर बल दिया। मानक ब्यूरो के अधिकारी आयुष राज के निमंत्रण पर बागपत जिले से प्रतिभाग करने पहुंचे तीनों ग्राम प्रधानों ने विभिन्न जिलों से बुलाए गए ।   अधिकारियोंपदाधिकारियों सहित मानक ब्यूरो की कार्यशैली को समझा। समारोह में मुख्य अतिथि जी एंड डीडीजीसी डॉ आरके त्यागी, प्रसिद्ध गायक तथा पदमश्री प्राप्त उस्ताद वसीम उद्दीन,मिस्टर निखिल प्राण (डायरेक्टर पराण फीचर्स) फैशन डिजाइनर मिस्टर मनीष त्रिपाठी ने बागपत जिले की तरफ से उपयोगी विचार रखने पर बागपत के तीनों प्रधानों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

भौतिक सुख हेतु किया दुराचार, पापाचार और भ्रष्टाचार ही नारकीय जीवन का हेतु:अतुल कृष्ण भारद्वाज

बालैनी, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। पुरा महादेव गांव स्थित प्राचीन व प्रसिद्ध परशुराम खेड़ा धाम पर चल रही सात दिवसीय श्री रामकथा के दूसरे दिन कथावाचक आचार्य अतुल कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि, इस कलियुग मे राम नाम एवं सत्संग ही मोक्ष का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त संत एवं कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने श्रीराम कथा के दूसरे दिन स्वर्ग और नरक की व्याख्या करते हुए कहा कि, मनुष्य जब अपने भौतिक सुख हेतु दुराचार, पापाचार, भ्रष्टाचार मे लिप्त हो जाता है, तो उसे नारकीय जीवन यापन करना पड़ता है।   और वह परमात्मा तक नहींं पहुँच पाता, जिससे बार बार जीवन मरण की लीला मे भटकता रहता है। कहा कि इस कलियुग मे श्रीमद्भागवत एवं श्री रामचरित मानस रूपी गंगा ही प्राणी को इस भवसागर से पार कराकर आत्मा को परमात्मा से मिलन करा सकती है। यानि स्वर्ग की प्राप्ति संभव है, इस कलियुग मे केवल राम नाम एवं सत्संग ही मोक्षाधार है। इस दौरान सुरजमुनि महाराज, देवमुनि, डॉ एसपी यादव, विजय शर्मा, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश संरक्षक राजपाल शर्मा, रविदत्त शर्मा, शिवमोहन भारद्वाज, ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, गिरीश, तेजपाल प्रधान, घनश्याम शर्मा आदि मौजूद रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

आर्य समाज मानव निर्माण की एकमात्र कार्यशाला : डॉ मनीष तोमर

बडौत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के तत्वाधान में नगर के चौ केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में चल रहे आर्य वीर, वीरांगना योग एवं चरित्र निर्माण हेतु चल रहे छः दिवसीय विषेष शिविर का भव्य समापन समारोह आसन, पीटी ,सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार जूडो कराटे, काते, लाठी, पिरामिड भाला, रस्से के आसन एवं तलवार के विशेष प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ मनीष तोमर ने कहा, आर्य समाज मानव  निर्माण की एकमात्र कार्यशाला है। शरीर को स्वस्थ रखना दुनिया में सबसे आवश्यक कार्य है। युवा पीढ़ी विकारों से दूर रहे।   वर्तमान समय में हमारे बच्चे अच्छी विचारधारा को आत्मसात् करते हुए जीवन में आगे  बढ़ें, मेहनत करें, बड़ों का सम्मान करें व ईमानदारी का जीवन जीएं, यही विद्यार्थी जीवन का परम लक्ष्य होना  चाहिए। कहा कि, आर्य समाज के समर्पित लोग शिविरों के माध्यम से बच्चों को संस्कारवान बनाने का कार्य  कर रहे हैं। ये बधाई के पात्र हैं। सुधार के कार्यक्रम में व्यापकता लानी चाहिए। कहा कि, एक अच्छे  समाज का निर्माण तभी हो सकता है, जब हम अपने बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से भी बचाएंगे। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष सुशील राणा ने कहा, हमें बेटियों के निर्माण करने के लिए    इस तरह के कार्यक्रम लगातार चलाने होंगे, तभी समाज में जन जागरण हो सकता है। कार्यक्रम का संचालन करते हुएं सभा मंत्री रवि शास्त्री ने बताया ,बेटियों के निर्माण के लिए लगातार विद्यालयों में यह अभियान जारी किया जाएगा, ताकि हमारे बच्चे संस्कारवान बन सकें। बच्चों का नवनिर्माण करना ही हमारा उद्देश्य है। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाएं डॉ गीतांजलि तोमर,डॉ शश्या तोमर, प्रधानाचार्य रामपाल तोमर,कपिल आर्य, धर्मपाल त्यागी, राष्ट्र वर्धन मुनि, सुरेश आर्य, योगेंद्र आर्य, नरेंद्र आर्य, आचार्य धर्मवीर आर्य, अमरपाल आर्य, चौधरी महीपाल सिंह,राजेश उज्ज्वल, सुमेधा आर्या, प्रशांत आर्य आदि उपस्थित रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

भाजपा का सक्रिय सदस्य वही बनेगा, जिसने पूरा किया होगा पार्टी का लक्ष्य: डॉ चन्द्रमोहन

बागपत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। भाजपा की सक्रिय सदस्यता अभियान को लेकर चमरावल रोड़ पर स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर हुई बैठक में प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी डॉ चन्द्रमोहन ने पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, पूरे भारत में 16 अक्टूबर से बूथ स्तर पर भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा तथा जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में हर बूथ पर भाजपा सक्रिय सदस्यों की सदस्यता करेगी। इसके लिए मंडल स्तर पर सभी कार्यकर्ता अभी से मेहनत से जुट जाएं, ताकि अभियान को और तेजी से बढाया जा सके।    उन्होंने कहा कि, सक्रिय सदस्य बनने का पात्र वही कार्यकर्ता होगा, जिसने पार्टी द्वारा दिए लक्ष्य के तहत सदस्यों को जोड़ा होगा। शामली जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष व जनपद में सक्रिय सदस्यता अभियान के सत्यापन अधिकारी सतेन्द्र तोमर ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की, कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लें। उन्होंने कहा, भाजपा का अधिकतम सदस्यता अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा। इस दौरान कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जनसंपर्क कर लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करें। बैठक में सभी 12 मंडल अध्यक्षों को सक्रिय सदस्यता अभियान के फ़ार्म भी दिए गए।    इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह सक्रिय सदस्यता अभियान के सह सत्यापन अधिकारी डॉ विनय त्यागी, जिला उपाध्यक्ष व सदस्यता अभियान के जिला सहसंयोजक कुलदीप भारद्वाज, राकेश जैन, कंवरपाल गुर्जर, अश्वनी त्यागी, मंडल प्रभारी डॉ नीरज कौशिक, जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल,जिला मंत्री सुधीर ठाकुर सतपाल उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, महेन्द्र भड़ाना, मंडल अध्यक्ष संदीप वशिष्ठ, सतबीर सिंह बड़का, मनीष कुशवाहा,  संदीप प्रजापति, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष नितिन चौधरी, आत्माराम मौर्य, गौरव तोमर, रविन्द्र आर्य, विनोद पांचाल, सुन्दर धामा, डॉ सत्येंद्र प्रजापति, अमित जैन, मास्टर राजीव तोमर, सतेन्द्र मौर्य, सुनील दीक्षित, रविन्द्र तोमर, गौरव शर्मा भानु, भूपेंद्र चौहान, अशोक ठाकुर, सन्दीप प्रजापति, प्रभात तोमर आदि मौजूद रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

गांवों में हो रही रामलीलाओं में अयोध्या पहुंचने राम का किया राज्यभिषेक, लगे जय श्रीराम के नारे

बडौत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। तहसील क्षेत्र में प्रेम मंडल रामलीला कमेटी बिनौली व अनमोल रामलीला पार्टी तितरौदा के तत्वाधान में रामलीला मंचन में रविवार की रात रावण वध व लंका पर विजय प्राप्त कर अयोध्या में पहुंचने पर भगवान् राम, सीता व लक्ष्मण का अयोध्यावासियों ने स्वागत किया।   वहीं गुरु वशिष्ठ, भरत आदि ने प्रभु श्रीराम को राज्यभिषेक कर अयोध्या का राज्य सौंपा। बिनौली में डायरेक्टर प्रवीण उर्फ पप्पन गुप्ता व तितरौदा में डायरेक्टर डॉ विनय कुमार पांडेय  के निर्देशन में रावण का वध कर जैसे ही राम, सीता, लक्ष्मण अयोध्या वापस आते हैं, तो अयोध्या नगरी में खुशी की बहार आ जाती है, अयोध्या की प्रजा प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाकर उनका फूल मालाओं से स्वागत करती है।   प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, गुरुओं व माताओं के चरण स्पर्श कर भाई भरत, शत्रुघ्न से गले मिलते हैं। बिनौली में पंडित सत्यनारायण के निर्देशन में वेद मंत्रो के बीच मुख्य अतिथि आकाश सोलंकी ने राम का राज्यभिषेक किया और कलाकारों ने अयोध्या का राज्य सौपने का भव्य मंचन किया। अध्यक्ष गुलवीर धामा, श्रीपाल धामा, देवेंद्र धामा, महेशपाल धामा, विनय धामा, सुधीर धामा, डॉ. राहुल देव आदि उपस्थित रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

उत्तर प्रदेश के सर्वोच्च युवा पुरस्कार से विभूषित होंगे अमन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे सम्मानित

बागपत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। स्वामी विवेकानंद ने जब उत्तिष्ठ जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत् कहा था, तो वह केवल इसका तात्कालिक प्रभाव ही देख रहे थे, लेकिन प्रेरणा पाने वालों ने इन पंक्तियों को अमरता की बूटी बना लिया, जो आज भी युवा शक्ति को दिशा दे रही है। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को सेवा क्षेत्र में दिए जाने वाले सर्वोच्च युवा पुरस्कार, स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड की सूची में पहली बार बागपत ने स्थान बनाया है। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय, लखनऊ द्वारा राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड हेतु चयनित युवाओं की अंतिम सूची में अपने कार्यों एवं उपलब्धियों के बल पर ट्यौढी गांव निवासी अमन कुमार ने स्थान प्राप्त किया है।   यह पुरस्कार पहली बार बागपत जिले के किसी युवा को प्राप्त हो रहा है। अमन की इस उपलब्धि पर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अमन कुमार को राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानन्द यूथ अवार्ड से राजधानी लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय विकास एवं सेवा के क्षेत्र में अद्वितीय एवं सराहनीय योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानन्द यूथ अवार्ड, उत्कृष्ट युवाओं को जीवनकाल में एक बार प्रदान किया जाता है ,जिसमें पचास हजार रुपए की पुरस्कार राशि, स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा, अंग वस्त्र, एक पदक, प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। अमन कुमार बागपत जिले के पहले युवा है, जो इस महत्वपूर्ण पुरस्कार से सम्मानित होकर जिले का नाम रोशन करेंगे।    22 वर्षीय अमन कुमार वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य की पढ़ाई कर रहे हैं और उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर खेड़की से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की तथा जीवनशैली स्वामी विवेकानन्द से प्रेरित है।एक युवा सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अमन का कार्य सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी देश का नाम रोशन किया है। उनके प्रयासों ने जहां स्थानीय स्तर पर बदलाव आया, वहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी उनके कार्यों ने अमिट छाप छोड़ी है। अपने अनुकरणीय प्रयासों के लिए 78 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष युवा अतिथि के रूप में नई दिल्ली आमंत्रित किये गए थे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

जनपद के विभिन्न मार्गों व परियोजनाओं की ₹ 326 करोड़ की कार्ययोजना का हुआ अनुमोदन

बागपत, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस बागपत में संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी व सांसद डॉ राजकुमार सांगवान की उपस्थिति में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में वर्ष 2024-25 के लिए लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जनपद के विभिन्न मार्गों और परियोजनाओं की कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। इस बैठक में 326 करोड़ रुपये की कुल कार्ययोजना को मंजूरी दी गई है।   योजना के तहत बागपत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, पुनर्निर्माण और सुधार कार्य किए जाएंगे। इससे जनपद की यातायात सुविधा में सुधार होगा और स्थानीय निवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इस मौके पर राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि ,यह कार्ययोजना जनपद के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कहा ,सरकार जनहित को प्राथमिकता देती है और इस योजना से बागपत के नागरिकों को बहुत लाभ होगा।   सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान ने जनपद के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि यह परियोजनाएं क्षेत्र में रोजगार सृजन और आर्थिक उन्नति को भी बढ़ावा देंगी। उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि, वे इस कार्ययोजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। जनपद के विकास हेतु यह परियोजनाएं सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं और इससे क्षेत्र में सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा। बैठक में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अतुल कुमार, जिला विकास अधिकारी अखिलेश कुमार चौबे, वन राज्य मंत्री केपी मलिक के प्रतिनिधि पंकज मलिक उपस्थित रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 15, 2024

श्री धार्मिक लीला कमेटी: राम दरबार की भव्य शोभा यात्रा निकाली

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। श्री धार्मिक लीला कमेटी द्वारा भगवान राम दरबार की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो धार्मिकता और भक्ति का प्रतीक रही। यह यात्रा माधवदास पार्क लीला स्थल से शुरू होकर चांदनी चौक, खारी बावली, नया बांस, लाल कुंआ, चावड़ी बाज़ार और नई सड़क होते हुए फिर से माधवदास पार्क पहुंची। इस यात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की सुंदर झांकियां शामिल की गई थीं।   जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कमेटी के महासचिव धीरजधर गुप्ता, सचिव प्रदीप शरण और प्रवक्ता रवि जैन ने बताया कि यात्रा मार्ग पर भक्तों ने पुष्पवर्षा करते हुए भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। विभिन्न संगठनों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रसाद वितरण किया और भजन-कीर्तन का आयोजन किया। शोभा यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक गीतों की ध्वनियों ने माहौल को और अधिक भव्य बना दिया।   माधवदास पार्क वापस पहुंचने पर भगवान की आरती की गई, जिसमें कमेटी के पदाधिकारीगण और कार्यकर्ता शामिल हुए। आरती के बाद सभी ने भगवान राम से प्रार्थना की कि वे देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें और उनकी त्रुटियों को क्षमा करें। श्री धार्मिक लीला कमेटी के सदस्यों ने श्री रामचरित के प्रति अपनी आस्था को बनाए रखने का संकल्प लिया और यात्रा का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ।   विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन) |

admin

Oct 15, 2024

ऐसे थे अपने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम: राष्ट्रपति होकर भी मेहमानों का खर्च उठाया, 24 बच्चों की जिंदगी भी बचाई

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। देश के 11वें राष्‍ट्रप‍ति और मिसाइल मैन के नाम से मशहूर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 15 अक्टूबर को 93वीं जयंती है। कलाम के जन्‍मदिन को विश्व छात्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसलिए आज हम आपको बताते हैं अपने कलाम साहब से जुड़े के जीवन से जुड़े रोचक किस्‍से जिनसे उनकी सादगी सौम्‍यता समर्पण और ईमानदारी की मिसाल दी जाती है। देश के 11वें राष्ट्रपति और मिसाइल मैन के नाम से पहचाने जाने वाले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 15 अक्टूबर यानी कल जयंती है। सादगी, सौम्‍यता, समर्पण और ईमानदारी की मिसाल रहे डॉ. कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में स्थित धनुषकोडी में हुआ था।   देश के युवाओं के दिलों पर राज करने वाले मिसाइलमैन और पूर्व राष्ट्रपति  आज देश में हर कोई उन्हें याद कर रहा है। कलाम का व्यक्तित्व सिखाता है कि इंसान की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी विनम्रता है। सिर से पांव तक लोगों के लिए प्रेरणाश्रोत रहे कलाम साहब की हर एक बात निराली थी, महात्मा गांधी के बाद लोगों के लिए पूज्यनीय बने कलाम के बारे में कहा जाता है कि वे कुरान और भगवद् गीता दोनों का अध्ययन करते थे। इसी की वजह से उनके कर्मों में गीता का असर और बोली में कुरान की मिठास दिखती थी। सादा जीवन उच्च विचार को मानने वाले कलाम साहब के जीवन से जुड़े ऐसे बहुत सारे किस्से हैं, जो आपको हर पल नई बातों को सोचने के लिए प्रेरित करते है। ऐसा ही एक रोचक किस्सा है, उनके राष्ट्रपति भवन जाने का।   *धरोहर के नाम पर थे सिर्फ दो सूटकेस* दरअसल डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को जब राष्ट्रपति चुना गया, तो उनके स्वागत में राष्ट्रपति भवन को जमकर सजाया गया। तमाम तैयारियां यह सोचकर की गईं कि नये राष्ट्रपति का सामान ठीक ढंग से रखा जायेगा। क्योंकि हर किसी को उम्मीद थी कि देश के राष्ट्रपति के पास कम से कम ट्रक भरकर सामान तो होगा ही लेकिन हुआ इससे ठीक उलट क्योंकि कलाम साहब राष्ट्रपति भवन महज दो सूटकेस लेकर पहुंचे थे और यही उनकी पूरी जिंदगी की धरोहर थी। डॉ. कलाम ने देश के पहले स्वदेशी सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल एसएलवी-3 को विकसित करने के लिए निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।   वैज्ञानिक से लेकर राष्ट्रपति तक का सफर तय करने के बाद भी कलाम ने एक भी संपत्त‍ि अपने नाम पर नहीं जोड़ी। जो था वो सब दान कर दिया। जिंदगी भर कलाम साहब ने जहां भी नौकरी की, वहीं के गेस्ट-हाउस या फिर सरकारी आवासों में जीवन व्यतीत किया। पूरी जिंदगी शिक्षा और देश के नाम करने वाले कलाम साहब को बच्चों से बहुत प्रेम था और ये संयोग ही था कि जब उन्होंने अंतिम सांस ली तो उससे पहले भी वो बच्चों को ही ज्ञान का पाठ पढ़ा रहे थे। कलाम की जयंती पर आइए हम आपको बताते हैं, उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कुछ बेहद अहम और सीख देने वाले किस्से।   *किस्सा नंबर-1:  ऐसे बना 'कलाम सूट'* बात उन दिनों की है, जब  25 जुलाई 2002 डॉ. कलाम राष्ट्रपति बने थे। दर्जी कलाम के लिए बंद गले के सूट लेकर आए थे, लेकिन कलाम को ये सूट पसंद नहीं आए। कलाम ने कहा- मैं तो इसको पहनकर सांस ही नहीं ले सकता। दर्जी परेशान होकर सोचने लगे कि क्या किया जाए। तब कलाम ने सलाह दी-  आप इसे गर्दन के पास से थोड़ा काट दीजिए। इसके बाद दर्जी ने वैसा ही किया। फिर क्‍या था कलाम के इस कट सूट को 'कलाम सूट' कहा जाने लगा।   *किस्सा नंबर-2: जब अटल ने लगाया गले, दिया मंत्री बनने का प्रस्ताव* पत्रकार राज चेंगप्पा ने अपनी किताब 'वेपंस ऑफ पीस' जिक्र किया है। यह किस्सा भी डॉ कलाम से जुड़ा है। दरअसल, एक बैठक में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जब कलाम का अटल बिहारी वाजपेयी से परिचय कराया तो उन्होंने कलाम से हाथ मिलाने की बजाए उन्हें गले लगा लिया था। इसके बाद जब अटल बिहारी वाजपेयी दूसरी बार प्रधानमंत्री बने थे तो उन्होंने कलाम को अपने मंत्रिमंडल में शामिल होने का न्योता दिया था, लेकिन डॉ. कलाम ने विनम्रतापूर्वक इस पद को अस्वीकार कर दिया था। कलाम ने कहा था- 'रक्षा शोध और परमाणु परीक्षण कार्यक्रम अपने अंतिम चरण में पहुंच रहा है। वो अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों को निभाकर देश की बेहतर सेवा कर सकते हैं।'   *किस्सा नंबर-3: राष्ट्रपति भवन में रखा परिवार के खर्च हिसाब* डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सचिव रहे पीएम नायर ने एक एक इंटरव्यू में बताया था- मई 2006 की बात है।  कलाम राष्ट्रपति थे, उन्होंने अपने परिवार के करीब 52 लोगों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया था। ये लोग आठ दिन तक राष्ट्रपति भवन में रुके थे। इस दौरान कलाम ने उनके राष्ट्रपति भवन में रुकने का किराया तक अपनी जेब से चुकाया था।    *किस्सा नंबर-4: तंजानिया के बच्चों की बचाई जिंदगी* सितंबर 2000 की बात है। कलाम तंजानिया की यात्रा पर गए थे। इस दौरान उनको पता चला कि वहां जन्मजात दिल की बीमारी से पीड़ित बच्चों की इलाज की कमी के चलते मौत हो रही हैं। कलाम ने तत्कालीन एयर इंडिया के अध्यक्ष वी तुलसीदास से इन बच्चों को दारेसलाम से हैदराबाद लाने को कहा। कलाम के कहने पर करीब 24 बच्चों को भारत लाया गया। यहां उनका ऑपरेशन हुआ। कलाम ने 15 अक्टूबर 2005 को अपने 74 वें जन्मदिन की शुरुआत हृदय रोग से पीड़ित तंजानिया के बच्चों से मिलकर की। उन्होंने हर बच्चे के सिर पर हाथ फेरा और उन्हें टॉफी का एक एक डिब्बा दिया, जिन्हें वो दिल्ली से लेकर आए थे।   *भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन*' स्वभाव से बेहद ही हंसमुख और कविताओं के शौकीन 1962 में 'भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन' में आये थे। डॉक्टर अब्दुल कलाम को प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में भारत का पहला स्वदेशी उपग्रह (एस.एल.वी. तृतीय) प्रक्षेपास्त्र बनाने का श्रेय हासिल हुआ। 1980 में इन्होंने रोहिणी उपग्रह को पृथ्वी की कक्षा के निकट स्थापित किया था जिसके बाद ही भारत भी अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष क्लब का सदस्य बन गया। इसरो लॉन्च व्हीकल प्रोग्राम को परवान चढ़ाने का श्रेय भी इन्हें प्रदान किया जाता है। डॉक्टर कलाम ने स्वदेशी लक्ष्य भेदी (गाइडेड मिसाइल्स) को डिजाइन किया।   *विज्ञान सलाहकार* इन्होंने अग्नि एवं पृथ्वी जैसी मिसाइल्स को स्वदेशी तकनीक से बनाया था। डॉक्टर कलाम जुलाई 1992 से दिसम्बर 1999 तक रक्षा मंत्री के विज्ञान सलाहकार तथा सुरक्षा शोध और विकास विभाग के सचिव थे। उन्होंने स्ट्रेटेजिक मिसाइल्स सिस्टम का उपयोग आग्नेयास्त्रों के रूप में किया। इसी प्रकार पोखरण में दूसरी बार न्यूक्लियर विस्फोट भी परमाणु ऊर्जा के साथ मिलाकर किया। इस तरह भारत ने परमाणु हथियार के निर्माण की क्षमता प्राप्त करने में सफलता अर्जित की। डॉक्टर कलाम ने भारत के विकासस्तर को 2020 तक विज्ञान के क्षेत्र में अत्याधुनिक करने के लिए एक विशिष्ट सोच प्रदान की।   *भारत रत्न' से सम्मानित किया गया* यह भारत सरकार के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार भी रहे। 1982 में वे भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संस्थान में वापस निदेशक के तौर पर आये और उन्होंने अपना सारा ध्यान 'गाइडेड मिसाइल' के विकास पर केन्द्रित किया। जुलाई 1992 में वे भारतीय रक्षा मंत्रालय में वैज्ञानिक सलाहकार नियुक्त हुये। उनकी देखरेख में भारत ने 1998 में पोखरण में अपना दूसरा सफल परमाणु परीक्षण किया और परमाणु शक्ति से संपन्न राष्ट्रों की सूची में शामिल हुआ। कलाम को 1989 में प्रशासकीय सेवा के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। डाक्टर कलाम को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से 1997 में सम्मानित किया गया।   विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन) |

admin

Oct 15, 2024