State

धूमधाम के साथ निकाली धार्मिक रामलीला कमेटी खेकड़ा ने राम बारात

बागपत, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। हर वर्ष की भॉंति इस वर्ष भी धार्मिक रामलीला कमेटी खेकड़ा द्वारा खेकड़ा नगर में भगवान श्री राम की भव्य बारात को बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। रामबारात में क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। रामलीला के प्रधान पुष्पेन्द्र कुमार और रामलीला के पदाधिकारियों ने भगवान श्री राम और लक्ष्मण जी की आरती उतारकर राम बारात का शुभारम्भ किया। राम बारात आदर्श पब्लिक स्कूल, मंडी गांधी गंज खेकड़ा से आरम्भ हुई। इसके उपरान्त खेकड़ा नगर के मुख्य मार्गो जैन कॉलेज रोड़, पुलिस चौकी, मेन बाजार, छोटा बाजार, पांडव की पुलिया, यादव चौक, वाल्मीकि चौक, फखरपुर मोड़, तॉंगा स्टैंड़ से होती हुई गांधी प्याऊ पर सम्पन्न हुई। जगह-जगह नगरवासियों ने भगवान श्री राम की आरती उतारी। बालाजी रामलीला खेकड़ा के पदाधिकारियों द्वारा राम बारात का भव्य स्वागत किया गया।   उन्होंने श्री राम  की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। राम बारात में एक से बढ़कर एक झॉंकिया और मशहूर बैंड़ ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम बारात में आये बाराती ढोल-नगाड़ो पर जमकर झूमें। धार्मिक रामलीला कमेटी खेकड़ा की और से नरेश शर्मा ने रामबारात में आने वाले बारातियों का आभार व्यक्त किया किया। राम बारात के सफल आयोजन में प्रधान पुष्पेन्द्र कुमार, नरेश शर्मा, दीपक शर्मा, तरूण गुप्ता, मनोज जैन, नेतराम रूहेला, मुकेश शर्मा, आदेश, रविकांत, हेमंत, रविन्द्र धामा, संदीप प्रजापति, नवीन शर्मा, सूरज, सचिन, अजीत यादव, योगेश यादव, जतिन, अनुराग, संदीप, दक्ष, जयंत, राजा, अखिलेश शास्त्री, गौरव वर्मा, रोहित वर्मा, हर्ष भारद्वाज, अमित झा, देव सिरोही आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इस अवसर पर नेशनल अवार्डी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, अजय शर्मा, आनन्द यादव, चिन्टू सहित हजारों लोग उपस्थित थे।   बागपत-रिपोर्टर, (विवेक जैन)।

admin

Oct 5, 2024

हत्या के इरादे से आए हमलावरों से पुलिसकर्मी ने बचाई जान

खेकड़ा, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। दिल्ली सहारनपुर राजमार्ग पर खेकड़ा की पाठशाला पुलिस चौकी के पास शाहदरा के तीन भाइयो की कार रोककर जानलेवा हमला किया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी ने हमलावरों को ललकारा, तो हमलावर भाग गए। घायल भाइयों को उपचार दिलाया गया।   दिल्ली शाहदरा के रहने वाले नाजिम खान अपने भाई नासिर और सेफ अली के साथ बागपत महिला थाने तारीख पर आए थे, लेकिन विपक्षियों के ना आने से 10 अक्टूबर दे दी गई। वापसी लौटते समय खेकड़ा पाठशाला चौकी से थोड़ा आगे उनकी गाडी को पांच छह हमलावरों ने रोक लिया। उनको गाडी से बाहर खींच कर मारपीट शुरू कर दी।    आरोप है कि, हत्या के इरादे से धारदार हथियार से वार भी किया व देसी तमंचे से प्रहार किया गया। तभी वहां से गुजर रहे एक पुलिस कर्मी ने हमलावरों को ललकारा। उनकी वीडियों भी बनानी शुरू कर दी। यह देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने नाजिम खान की तहरीर को कोतवाली में दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हमलावरों की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

शिक्षक के खाते से 20 लाख रूपये उडाने वाला ठग पकड़ा

खेकड़ा, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। कस्बे के शिक्षक के तीन बैंक खातों से नकली एटीएम के जरिए 20 लाख रुपए उड़ाने वाले साइबर ठग को साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से ठगी के पांच लाख से अधिक रुपए भी बरामद किए हैं। कस्बे के छोटा बाजार में शिक्षक प्रवीण शर्मा परिवार के साथ रहता है। वह निरोजपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात है। कस्बे की तीन बैंक शाखाओं में उसके खाते हैं।   गत नौ सितंबर को साइबर ठग ने नकली एटीएम के जरिए उसके बैंक खातों से 20 लाख रुपए निकाल लिए थे। पता चलते ही प्रवीण शर्मा ने कोतवाली पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। जनपद की साइबर सेल और कोतवाली पुलिस तभी से साइबर ठग की तलाश में लगी थी। गुरुवार की रात सफलता मिल गई। साइबर सैल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नोएडा से साइबर ठग को गिरफ्तार कर लिया।    कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि, साइबर ठग औरैया जिले के बिधूना गांव का रहने वाला मोहम्मद तारिक है। वह नोएडा में रहकर लोगों के बैंक खातों से रुपए ठगने का धंधा कर रहा है। उसके पास से प्रवीण शर्मा के बैंक खातों से उड़ाए गए 20 लाख रुपए में से 5 लाख 50 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में उसका चालान कर दिया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

जनपद में कई खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, सैंपलिंग, नोटिस व सामान को कराया विनष्ट

बागपत, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। प्रदेश सरकार के सख्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम हुई सक्रिय। सहायक खाद्य आयुक्त मानवेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में नवरात्र एवं अन्य पर्वों पर विक्रय होने वाले खाद्य पदार्थों पर विशेष सतर्कता निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही हुई शुरू। इस क्रम में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थ के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम विशेषकर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, सूखे मेवे मूंगफली साबूदाना रामदाना व अन्य फलाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 11 अक्टूबर 2024 तक चलेगा विशेष अभियान।    सहायक खाध आयुक्त मानवेंद्र सिंह व  उनकी टीम द्वारा मीतली निवासी भरत दूध खोया भंडार से दूध व खोया के नमूने भरे गए, अग्रवाल मंडी टटीरी में विकास चिकन कॉर्नर से पनीर आदि के नमूने लिए गए व विकास चिकन कॉर्नर में साफ सफाई न मिलने व गंदगी पाई जाने पर उन्हें नोटिस जारी किया, सुधर्मा ट्रेडिंग कंपनी सैंधा नमक नमूना लिया गया व 30 मसाले के पैकेट, 4 रस के पैकेट, 4 नमकीन के पैकेट 5 टॉफी पैकेट मौके पर ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नष्ट कराए और उन्हें मिट्टी में कवर कराया।    इसी क्रम में अरुण शर्मा कोताना रोड बडौत में समा के चावल, अरुण कुमार निकट बिजली घर के यहां से कुट्टू का आटे का नमूना एकत्रित किया है, जो राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ के लिए भेज दिए गए हैं। कुट्टू के आटे के उपभोग से बीमार व्यक्तियों के द्वारा बताए गए खाद्य प्रतिष्ठान चौहान किराना स्टोर गौरीपुर जवाहर नगर से कुट्टू का नमूना संग्रहित कर विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया गया तथा मौके पर पाया दो किग्रा कुट्टू जब्त किया गया।इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा चौधरी व अंकित श्रीवास्तव, यागदत्त आर्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

बागपत पुलिस की कार्यशैली पर उठाये सवाल, बागपत पुलिस फेल, अपराध बेलगाम

बागपत, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का सपना देखा जा रहा है, लेकिन बागपत पुलिस की लचर कार्यशैली इस सपने को चकनाचूर करने पर तुली है। ये बातें सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने बागपत के रिवर पार्क स्थित स्यादवाद इंस्टीट्यूट में प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित करने के दौरान कही। सांसद ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और बागपत जिले में बढ़ते अपराधों की ओर प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित किया। सांसद ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने की बात भी कही।    सांसद डॉ सांगवान ने कहा कि, बागपत पुलिस की कार्यप्रणाली बेहद कमजोर और निराशाजनक है। आरोप लगाया कि, जिले में किसानों की समस्याओं को न केवल नजरअंदाज किया जा रहा है, बल्कि उनके साथ अन्याय भी हो रहा है। आए दिन किसान अपने ट्यूबवेल से चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराते हैं, लेकिन थानेदार इनकी एफआईआर तक दर्ज करने से कतराते हैं। पुलिस की यह बेरुखी किसानों के भीतर गहरे असंतोष को जन्म दे रही है। सांसद ने जिले में बढ़ते अपराधों पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि, आए दिन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और घरों में चोरी और लूट की घटनाएं हो रही हैं।   लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण महीनों बीतने के बाद भी अधिकांश मामलों का कोई खुलासा नहीं हो पाता। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि, वे बेखौफ होकर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। बागपत पुलिस के नाम का अपराधियों के मन में कोई भय नहीं है। सांसद ने कहा कि, महिला सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुलिस की विफलता स्पष्ट नजर आ रही है। जिले में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, बलात्कार और हत्या जैसी गंभीर वारदातें बढ़ती जा रही हैं। इसके अलावा, भ्रष्टाचार, ऑनर किलिंग, धोखाधड़ी और मारपीट के मामलों में भी तेजी आई है। डॉ सांगवान ने कहा कि, बागपत पुलिस का रवैया योगी सरकार के सुशासन के सपने को कमजोर कर रहा है।    कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्यों ने भी पुलिस की नकारात्मक भूमिका पर चिंता जताई। जिलाध्यक्ष डॉ सुभाष गुर्जर ने कहा कि, शिक्षा का आधार सफलता है, लेकिन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी है कि, उन्हें सुरक्षित और सशक्त समाज मिले। पूर्व राज्यमंत्री डॉ कुलदीप उज्ज्वल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, सुरक्षा और शांति का माहौल बनाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसमें बागपत पुलिस बुरी तरह असफल हो रही है। सांसद ने कहा कि,जल्द ही जिलाध्यक्ष बागपत सुभाष गुर्जर और वे स्वयं जनपद की समस्त समस्याओं और अधिकारियों की उदासीनता को लेकर माननीय मुख्यमंत्री से लखनऊ में मिलेंगे।कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन नरेंद्र गोयल और प्रधानाचार्य दानिश अली ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

गहनों की खातिर रिश्तों का कत्ल : अधजली अज्ञात महिला के हत्यारोपी निकले पिता, पुत्र और परिवार की महिला

बागपत, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। थाना पुलिस एवं सर्विलांस सैल की संयुक्त टीम ने 29 सितम्बर को मिली अधजली महिला की शिनाख्त के साथ ही हत्या में शामिल तीन हत्याभियुक्तों को किया गिरफ्तार । तीनों हत्यारे मृतका के परिवारजन हैं, जिनमें उसका पिता व भाई सहित एक महिला ने हत्या करने के बाद शव को बुढेडा गांव के जंगल में उपलो के बिटोडे में रखकर इंजन आयल छिडककर जला दिया था। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस लाइन मे आयोजित प्रेसवार्ता में इस घृणित व ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए बताया कि, मृतका का नाम कोमल था, जो मोहम्मदपुर पोइस की रहने वाली थी। वर्ष 2018 में शादी के बाद पति से अनबन होने पर सोनीपत रह रही थी।   महिला दिल्ली के किसी युवक से शादी की इच्छा से अपने गहने लेने मायके आई थी, जहां उसकी हत्या कर दी गई तथा शव की पहचान न होने की गरज से बुढेडा के जंगल में एक स्विफ्ट कार के जरिये ले जाकर एक बिटोडे में इंजन आयल छिडककर जला दिया गया था। अधजले शव से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने न केवल शिनाख्त की, बल्कि हत्या में शामिल परिजनों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने मृतका के पिता लखमी व बेटे रवि सहित परिवार की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार स्विफ्ट डिजायर भी बरामद की है।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

न्यू ऐरा स्कूल के बच्चों ने मेरठ में जीते पदक, एसपी बागपत ने किया पुरस्कृत

बिनौली, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। न्यू ऐरा वर्ल्ड स्कूल के विभिन्न प्रतियोगिताओं के पदक विजेता छात्र छात्राओं को जनपद के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने किया पुरुस्कृत। साथ ही खेल के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य के लिए बच्चों का किया उत्साहवर्धन। मेरठ के गार्गी पब्लिक स्कूल में हुई  सीबीएसई नार्थ जॉन क्लस्टर योगा चैम्पियनशिप में न्यू एरा वर्ल्ड बिनौली स्कूल के दो छात्र छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दो पदक जीते। उपप्रधानाचार्य डॉ सुशील वत्स ने जानकारी देते हुए बताया कि, 18 से 20 सितंबर तक चली।    इस योगा चैम्पियनशिप में नोएडा जोन के 14 सीबीएसई स्कूलों के छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया। चैम्पियनशिप में स्कूल की कक्षा 6 की छात्रा पीहू ने अंडर 14 वर्ग में प्रतिभाग कर कांस्य पदक, जबकि कक्षा 8 के आयुष तोमर ने अंडर 17 वर्ग में प्रतिभाग कर रजत पदक जीता। वही 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर 17 सीबीएसई नार्थ जॉन सर्वाधिक स्कोर 385 बनाकर छात्र अभय धामा ने स्वर्ण पदक जीता। पदक विजेता छात्र छात्राओं को एसपी बागपत अर्पित विजयवर्गीय ने पुरुस्कृत करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मीनू सिरोही, समाजसेवी रविन्द्र हट्टी आदि मौजूद रहे।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

बेटियों को शास्त्र के साथ शस्त्र ज्ञान से पूर्ण होने का आह्वान

बड़ौत, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। नगर के जनता वैदिक इंटर कॉलेज में दुर्गा वाहिनी द्वारा गोष्ठी आयोजित कर बालिकाओं को शास्त्र ज्ञान के साथ ही शस्त्र ज्ञान में भी निपुण होने का आह्वान किया गया। गोष्ठी की मुख्य वक्ता प्रांत छात्रा प्रमुख रुचि लांबा रही, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रचना जोहर ने की । वहीं मुख्य अथिति डॉ सुधा रानी रही । मुख्य वक्ता रुचि लांबा ने बताया कि, दुर्गा अष्टमी कार्यक्म पूरे प्रांत सहित देश भर में हो रहे हैं। अपनी बच्ची को दुर्गा बनाओ, काली बनाओ पर लव जिहाद से बचाओ।    कहा कि, अपनी बेटी शास्त्र के साथ साथ शस्त्र में भी पूर्ण बनाओ, जिससे दुर्गा रूप लेने में जरा भी टाइम न लगाए। बेटियों के साथ हुई सफल गोष्ठी के बाद एक भव्य शोभा यात्रा भी बाजार के मुख्य मार्गो से होकर गुजरी । इस दुर्गा शक्ति यात्रा का स्वागत नगर में अनेक स्थानों पर किया गया। रास्ते में लड़कियों द्वारा भी मुख्य चौराहों पर दुर्गा के रूप का स्वागत किया गया । कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रेखा चौहान, जिला मातृशक्ति प्रमुख निशा बहन, जिला संयोजिका अन्नू पंवार,जिला सह संयोजिका शालू, प्रियंका, कविता, रेखा, मंजू, आरोही, आराध्या आदि रही।   स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |

admin

Oct 5, 2024

रोज हजारों लोगों को लूट रहे साइबर जालसाज, कानून ने बांधे सरकार के हाथ

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। एक रिपोर्ट के अनुसार साइबर अपराधियों ने 2023 में दुनिया भर से छह खरब डालर लूट लिए थे। अनुमान है कि 2024 में यह आंकड़ा 8 खरब अमेरिकी डालर को पार कर जाएगा। इसमें एक बड़ा हिस्सा लूटे गए भारतीयों का भी होगा। साइबर सुरक्षा मामलों के उच्चतम न्यायालय के वकील पवन दुग्गल कहते हैं कि हमारे तो हाथ बंधे हैं। न देश के पास कोई प्रभावी कानून है और न ही साइबर अपराधों को रोकने और इससे निपटने की प्रभावी तकनीक प्रोफेशनल का कहना है।    कि साइबर सुरक्षा की चिंता के घेरे में देश में कश्मीर से कन्याकुमारी तक के गांव, कस्बे, शहर हैं। बताते हैं कोविड-19 के बाद यह खतरा कई गुना बढ़ गया है। अब तो आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) की भी एंट्री हो गई है। लार्सन टुब्रो की सिस्टर आईटी कंपनी माइंड ट्री के सीनियर अधिकारी राजेश चौधरी कहते हैं कि अभी तो मान लीजिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस ने साइबर अपराध के साथ खेलना शुरू किया है। अभी तो इसका उछल-कूद मचाना बाकी है। राजेश चौधरी भी उन लोगों में से हैं जिनकी पत्नी को भी कभी साइबर ठगों ने ठग लिया था। वह कहते हैं कि देश का पढ़ा, लिखा, अंग्रेजी और हिंदी जानने वाला भी साइबर ठगों के जाल में बहुत तेजी से आ रहा है।   *न सरकार के पास राजनीतिक इच्छा शक्ति और न ही कोई मैकेनिज्म* देश की जनता साइबर लूट को सहने के लिए अभिशप्त है, क्योंकि सरकार के पास राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी है। जो भी फोन कॉल, वीडियो कॉल आते हैं, सब नेटवर्क प्रोवाइडर के जरिये ही आ रहे हैं। लेकिन सरकार ने अभी तक किसी सर्विस प्रोवाइडर या एजेंसी की इसके बाबत नकेल कसने के उपाय नहीं किए हैं। दुग्गल के मुताबिक 2013 में भारत सरकार ने एक कानून बनाया था, लेकिन तकनीक और अपराध के तिलिस्म में यह पूरी तरह से निष्प्रभावी है। दुग्गल कहते हैं कि अखबारों में तमाम साइबर अपराध की खबरें आ रही हैं। लेकिन केंद्र सरकार कान में तेल डालकर बैठी है। इसके कारण साइबर अपराध पूरे देश में कॉटेज इंडस्ट्री बनता जा रहा है।   *कैसे कैसे चल रहे हैं साइबर ठगी के हथकंडे* पवन दुग्गल को फोन आया। फोन से पूरा आभास था कि यह ट्राई(टेलीफोन रेगुलेटरी अथारिटी आफ इंडिया) की तरफ से है। इसमें साफ कहा गया कि फोन के दुरुपयोग, पोर्नोग्राफी और लोगों को गाली देने का कारण दो घंटे बाद आपका फोन बंद हो जाएगा। इसके बाद निर्देश आने लगते हैं कि इस मामले को जानने के लिए एक दबाइए।   एक्जीक्यूटिव से बात करने के लिए दो दबाइए और फिर पैसा उगाही शुरू हो जाती है। एक व्यक्ति के पास भी ऐसा ही एक फोन आया कि उसके पास तीस हजारी की अदालत गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। वारंट और विवरण जानने के लिए फलां बटन दबाइए। ओम प्रकाश एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं। उनके पास फोन आया और व्हाट्सअप फोन नंबर देने का अनुरोध किया गया।   इसके बाद ठगों ने ओम प्रकाश को एक युवती के साथ बात कराकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। सबसे दिलचस्प वाकया सुनील कुमार से हुआ। सुनील कुमार बंगलूरू से अपने घर आए थे। अचानक उनके फोन पर सूचना आई कि बंगलूरू एयरपोर्ट पर चेक इन के दौरान उनके सामान से एक पैकेट गिर गया था। इसमें सुरक्षा अधिकारी को ड्रग्स मिला था। सुनील कुमार थोड़े ही समय में साइबर ठगों के जाल में फंस गए। इसके बाद उन्हें ब्लैकमैल करके धन की उगाही शुरू हो गई।   *दिल्ली में पुलिस डाल डाल तो चोर पात-पात, कैसे लगेगी लगाम?* दिल्ली पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारी हैं। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में जिम्मेदारी संभालते हैं। लेकिन स्वीकार कर रहे हैं कि पुलिस को जिस स्तर साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण मिलना चाहिए वह नहीं है। एक पुलिस स्टेशन के एसएचओ कहते हैं कि उन्हें सीसीटीवी खंगालने के लिए निजी आईटी एक्सपर्ट की मदद लेनी पड़ती है। एनआईसी को अपनी सेवाएं दे रहे सूत्र का कहना है कि आप साइबर सुरक्षा की बात कर रहे हैं। जबकि देश में एकाध प्रतिशत ही लोग हैं जिन्हें अपने मोबाइल को ठीक से ऑपरेट करने का ज्ञान होगा।    *इंटरनेट के प्रयोग में भी लोग गड़बड़ियां करते हैं* सूत्र का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियों और अर्ध सैनिक बलों की स्थिति भी काफी चिंतनीय है। खुफिया और सुरक्षा एजेंसी से जुड़े सूत्र का कहना है कि सरकार को इस दिशा में ठोस उपाय करने की आवश्यकता है। सूत्र का कहना है कि साइबर ठगों, सेंधमारों और हैकरों का जाल लगातार जटिल होता जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि जो आप नहीं चाहते, वह आपका मोबाइल, कंप्यूटर या इंटरनेट का माध्यम किसी न किसी माध्यम से क्यों आपकी स्क्रीन पर लेकर आता है? सूत्र का कहना है कि आज सबसे बड़ी समस्या डाटा की सुरक्षा ही है।   विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन) |

admin

Oct 5, 2024

दिल्ली में कैसे हुआ ड्रग्स की सबसे बड़ी तस्करी का खुलासा

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2024 (यूटीएन)। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर एक्सटेंशन से 5,820 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की है। इसे गैरकानूनी तरीके से भारत लाया गया था। इस पूरे मामले में राजनीति भी तेज हो गई है।   इस मामले का मुख्य आरोपी तुषार गोयल है, जिसे भाजपा ने यूथ कांग्रेस के आरटीआई सेल का प्रमुख बताया। इसे लेकर भाजपा ने एक्स के माध्यम से कांग्रेस को युवाओं को नशे में धकेलने वाला कहा। हालांकि, यूथ कांग्रेस ने तुषार के जुड़ाव से खुद को अलग बताया और भाजपा को कानूनी चेतावनी भी दी।   *ड्रग्स पकड़े जाने का मामला क्या है?* दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हाथों ड्रग्स की सबसे बड़ी खेप लगी है। पुलिस ने महिपालपुर में एक गोदाम से 562 किलोग्राम कोकीन और थाईलैंड से आया 40 किलोग्राम मारिजुआना (गांजा) बरामद किया है। कीमतों की अगर बात करें तो बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 5,620 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।   *आरोपी कौन हैं और इनकी भूमिका क्या है?* पुलिस ने ड्रग तस्करों के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान तुषार गोयल, भरत कुमार जैन, औरंगजेब सिद्दीकी, हिमांशु कुमार व जितेंद्र प्रीत गिल के रूप में हुई है। इस तस्करी का मुख्य आरोपी तुषार गोयल बताया जा रहा है।   आरोपी जितेंद्र प्रीत गिल को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। यह खेप के भारत में आने से पहले ही भारत पहुंच गया था और खेप की सप्लाई करने गिरोसार सरगना ने इसको यूके से भारत भेजा था। तुषार के पिता एक व्यवसायी हैं जिनके ट्यूलिप और तुषार प्रकाशन नाम के दो प्रकाशन हाउस हैं। मादक पदार्थों की ये खेप विदेश से महाराष्ट्र के बंदरगाह पर आई थी।    *पुलिस ने ड्रग्स के गिरोह को कैसे पकड़ा?* स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाह ने बताया कि तीन महीने की मेहनत के बाद इस गिरोह को पकड़ा गया है। आपको बता दें अगस्त 2024 में केंद्रीय खुफिया एजेंसी को दिल्ली में विदेश से ड्रग्स की तस्करी में शामिल होने के अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स गिरोह के बारे में जानकारी मिली थी।   पलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी तुषार अपने महिपालपुर एक्सटेंशन गोदाम में ड्रग्स छिपा कर रख रहा है। स्पेशल सेल ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 40 अधिकारियों को तैनात किया। इंस्पेक्टर राहुल कुमार व विनीत कुमार तेवतिया की टीम ने तीन महीने तक लगातार उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। टीम को 1 अक्तूबर को महिपालपुर में आरोपी तुषार गोयल के गोदाम में ड्रग्स की एक बड़ी खेप आने के बारे में एक विशेष सूचना मिली।    पुलिस टीम ने यहां छापेमारी कर गोदाम से 562 किलोग्राम कोकीन और थाईलैंड का 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना जब्त किया और गोदाम मालिक तुषार गोयल और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। तुषार गोयल इस गिरोह का भारत में मुख्य रिसीवर और वितरक है। हिमांशु और औरंगजेब सिद्दीकी, तुषार के मुख्य सहयोगी है वहीं भरत कुमार जैन 15 किलोग्राम कोकीन की खेप लेने मुंबई से दिल्ली आया था। इस गिरोह के पश्चिम एशिया के किसी देश से नियंत्रित किया जा रहा है। हिमांशु तुषार के सहयोगी के रूप में काम करता था और औरंगजेब सिद्दीकी ड्राइवर था जो तस्करी में उनका साथ देता था। जिस गोदाम में कोकीन को छिपाया गया था रिपोर्ट के अनुसार इस गोदाम का इस्तेमाल तुषार के पिता अपने प्रकाशन के कामों के लिए किताबें रखने के लिए करते थे।    कौन है मुख्य आरोपी तुषार गोयल? तुषार गोयल एक संपन्न परिवार से आता है जो दिल्ली के वसंत विहार इलाके में रहता है। इसकी उम्र 40 वर्ष है इसने आईपी यूनिवर्सिटी, दिल्ली से स्नातक की डिग्री हासिल की थी। इसके पिता के दो प्रकाशन हाउस हैं। पढ़ाई के बाद तुषार पिता के व्यवसाय में हाथ बटाने लगा। खबरों की मानें तो 2008 शादी के बाद उसने देह व्यापार का काम शुरू कर दिया जिसके बाद उसे ऐशो-आराम का जीवन जीने का आदत लग गई। इसके बाद उसकी मुलाकात दुबई में ड्रग्स तस्करी के मास्टमाइंड से हुई, जिसके बाद वो इस गिरोह में शामिल हो गया।     *इस मुद्दे पर राजनीति क्या हो रही है?* पुलिस द्वारा तुषार की गिरफ्तार करने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने अपने एक्स हैंडल से तुषार गुप्ता की कांग्रेस के कुछ नेताओं के साथ तस्वीरें साझा कीं। भाजपा प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि देश के युवाओं को सीधे नशे में धकेलने वाले इतने बड़े ड्रग्स कांड के आरोपी तुषार गोयल, 'इंडियन यूथ कांग्रेस' के RTI सेल के चीफ के साथ कांग्रेस के आधिकारिक पदाधिकारियों का सीधा संबंध दिखाता है कि अगर इन्हें थोड़ी सी भी शक्ति मिली, तो ये देश को किस गर्त में धकेल देंगे। इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर आरोप लगाया है। गृह मंत्री ने कहा, 'एक ओर जहां मोदी सरकार 'नशा मुक्त भारत' के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।    वहीं उत्तर भारत से पकड़ी गई ड्रग्स की ₹5,600 करोड़ की खेप में कांग्रेस के एक प्रमुख व्यक्ति की संलिप्तता बेहद खतरनाक और शर्मनाक है।' हालांकि, इस मामले में कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एक्स पर भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस ने लिखा “अपराधी तुषार गोयल को अक्तूबर 2022 में ही दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस RTI विभाग से पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते हटाया जा चुका था। 17 अक्तूबर 2022 के बाद से तुषार गोयल युवा कांग्रेस संगठन के साथ किसी भी तरह से कभी नहीं जुड़ा रहा। बयान में यह भी कहा कि भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और भाजपा आईटी सेल द्वारा प्रेस कांफ्रेंस के जरिए तथ्यों को छिपाते हुए उसे युवा कांग्रेस का मौजूदा पदाधिकारी बताया गया जो कि साफ तौर पर भारतीय युवा कांग्रेस संगठन की छवि धूमिल करने का एक कुंठित प्रयास है जिसके खिलाफ हम कानूनन कार्यवाही करने को बाध्य हैं।   विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन) |    

admin

Oct 5, 2024